शनिवार, 7 मई 2022

शिवोsहम्


शिवोsहम्


यूं तो मनुष्य प्राणिजगत का सबसे बुद्धिमान प्राणी है।परंतु अन्य प्राणियों में बुद्धि के संस्कार मात्र उनके देह के पोषण और अस्तित्व के संरक्षण में समर्थ हो पाते हैं, जबकि मानव को मिली बुद्धि का परम प्रयोजन है कि वह बुद्धि को प्रबुद्ध करते हुए शिवोsहम् की प्रति पल की अनुभूति में समर्थ हो सके। हमारी इस मानवीय यात्रा का परम अवसान भी हिमालय के उत्तुंग शिखरों से लेकर मानसरोवर के पवित्र जल में देवाधिदेव महादेव के रुद्राभिषेक के पलों का स्वयं साक्षी बनने के मूल्यवान अवसर को  पाना है।हिमालय,मानसरोवर,रुद्राभिषेक, और साक्षीभाव ये अध्यात्म जगत के पारिभाषिक पद हैं।इनका योगसाधना में बहुत महत्व है।

शिव का अर्थ है कल्याण। इस कल्याण में जब आत्मा की सहभागिता होती है,तभी उसे आत्मकल्याण कहा जा सकता है। आत्मकल्याण के साथ ही सकल मानवीय प्रजा के कल्याण हेतु पथ का निदर्शन शिवत्व की परिभाषा है। यूं तो आज मानवीय बुद्धि के दुरुपयोग से न केवल यह भूलोक अपितु द्युलोक और अंतरिक्ष लोक भी बहुत अधिक त्रस्त और संतप्त हैं। लेकिन, बुद्धि में शाश्वत सत्ता के एकमात्र अधिष्ठाता  शिवतत्व का अवतरण ही इसका सार्वकालिक समाधान है।

हमारी बुद्धि में शिवत्व के आमंत्रण में यजुर्वेद की ऋचा की देशना ऋषि चेतना का सर्वश्रेष्ठ संज्ञान है।

शिवो भव प्रजाभ्यो मानुषीभ्यस्त्वमंगिर:।

मा द्यावा पृथिवी अभि शोचीर्मा न्तरिक्षं मा वनस्पतीन्।। यजुर्वेद 11/45

मनुष्यमात्र के प्रति आत्मभाव और शिवतत्त्व के बीज मानवता की बुनियादी आवश्यकता है। हमारे  प्रत्येक विमर्श में हर मानव आत्मबन्धु हो और प्रत्येक मानुषी प्रजा के लिए शिवत्व के भावों का  उदयन सहजता से हो।

आज का विज्ञानवेत्ता मानव आकाश में कृत्रिम उपग्रहों की उड़ान से अंतरिक्ष की व्यवस्था में शांति भंग कर रहा है और चन्द्रलोक में उतरकर उपद्रव पैदा कर रहा है।बहरहाल,पृथ्वी पर हम स्वतंत्रता के बहाने महामारक बमों और अस्त्रों के निर्माण से महाविनाश को आमंत्रण नहीं दे रहे हैं क्या?क्या विज्ञान की खोज में शिवत्व मुख्य आधार नहीं होना चाहिए?

जिस इंसान को अभी तक पृथ्वी पर इंसानियत के साथ रहना नहीं आया है,क्या वह बिना शिवत्व के द्युलोक और अंतरिक्ष में पहुंच कर सर्वकल्याण की भावना का संकल्प कर सकता है?अवश्य ध्यान रहे कि हम में से न तो कोई सदा रहने वाला है,न ही हम में से किसी का सौंदर्य सदा बरकरार रहने वाला है।हमारा बल और यौवन भी सदा-सदा के लिए टिकने वाला नहीं है।फिर क्यों हम अपनी अनंत लालसा के कारण इस भूमि को अधिक नारकीय और संघर्षों के कारणों को पनपने में सहयोगी बन रहे हैं?हमारे लालच की सीमा सुरसा राक्षसी की भांति प्रति क्षण विस्तार के लिए बहुत आतुर है,जिस कारण हम अंतरिक्ष से भी पृथ्वी पर अंगारे बरसाने में लगे हए हैं।अपने लालच के वशीभूत हम सारी पृथ्वी की दिव्य वनस्पतियों को भी राख करने में तुले हुए हैं।कब होगा इस लालच का अवसान? सच तो बस,इतना है कि इन सबका एक ही समाधान है शिवो भव या शिवोsहम् ।

शिवोsहम् चेतना के निरंतर अहसास का नाम है।हर क्रिया में, हर प्रतिक्रिया में शिवत्व के दर्शन का नाम है शिवोsहम्।शिवोsहम् वह उपाधि है,जो समाधि की अनुगूंज को निरंतरता से व्यक्त करती है।

शिव मतलव परिस्थिति का गुलाम नहीं।शिव  की समाधि  मुद्रा बताती है कि समाधान बाहर की प्रतियोगिता से मिलने वाला नहीं है।यह तो अवेयरनेस और डिटैचमेंट की सहज अनुभूति के उच्च परिणाम से संभव है।

शिव की समाधि में आत्मचिंतन की मुद्रा बताती है कि हमें दैनिक जीवन में आत्मावलोकन को बहुत अधिक महत्व देना चाहिए।।शिव समाधि के अतिरिक्त जनसमान्य के कल्याण के साथ संतुलन और सामंजस्य के भी महाप्रणेता हैं।

भगवान शिव का वाहन नंदी( वृषभ) धर्म का प्रतीक है और भगवती पार्वती का वाहन शेर शक्ति का प्रतीक है।जीवन में सबसे बड़ी कला का नाम है संतुलन।संतुलन का अभाव ही संघर्ष का प्रमुख कारण है।वृषभ और सिंह परस्पर विरोधी हैं।शिव संतुलन के अद्भुत शिल्पकार हैं।शिव में  गजब का सामंजस्य है।शिव के कंठ में सर्पमाला है तो कार्तिकेय का वाहन मयूर है।गणेश का वाहन मूषक। मयूर सर्प का दुश्मन है, तो मूषक सर्प का  दुश्मन है।सबका स्वभाव विपरीत है। परन्तु भगवान शिव सामंजस्य के अद्भुत प्रस्तोता हैं। विपरीत परिस्थितियों में सामंजस्य ही एकमात्र ऐसा गुण है, जो सफलता के आस्वादन में प्रबल सहयोगी होता है।

समुद्र मंथन के समय में सभी देवों ने अमृत का पान  किया था और भगवान शिव ने विष का पान किया था।अमृत का पान करने वाले देव कहलाए और विष का पान करने वाले देवों के देव महादेव कहलाए।

शिव ने उस हलाहल को अपने कंठ में रख लिया। उसे गले के नीचे नहीं उतरने दिया। संसार के विष यानी दुख-कठिनाइयों को हमें अपने गले से नीचे नहीं उतरने देना चाहिए। हमें कठिनाइयों का भान तो हो, लेकिन हमें  उन्हें अधिक महत्व नहीं देना चाहिए। नील कंठ सुंदरता का प्रतीक है।सबसे अधिक सौंदर्य परोपकार में होता है।

शिव के मस्तक पर चंद्रमा इस बात का प्रतीक है कि  हमें अपने मस्तिष्क को सदा शांत रखना चाहिए।जटाओं से निकलती गंगा का तात्पर्य है-सामर्थ्यवान का स्वयं पर नियंत्रण  और दूसरों के दुर्गुणों रूपी विष को सोखकर, ठंडे दिमाग से समाज और परिवार में सामंजस्य बनाए रखना है ।हमारा व्यक्तित्व ऐसा प्रखर हो कि गंगा जैसी जीवनदायिनी शक्तियां हमें स्वयं  प्राप्त हो जाए। 




      -डॉ. कमलाकान्त बहुगुणा

विभागाध्यक्ष एवं संपादक वरेण्यम्

पूर्व संपादक जीवन संचेतना

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सर्वा आशा मम मित्रं भवन्तु

स्मृति और कल्पना

  प्रायः अतीत की स्मृतियों में वृद्ध और भविष्य की कल्पनाओं में  युवा और  बालक खोए रहते हैं।वर्तमान ही वह महाकाल है जिसे स...